*पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी के सशक्त एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस का अपराधियों पर सख्त प्रहार*
आत्महत्या प्रकरण में बजरंगगढ़ थाना पुलिस की सक्रिय एवं प्रभावी कार्यवाही
*प्रकरण में फरार तीन और आरोपी गिरफ्तार कर जेल पहुंचाए*
*आरोपियों की गिरफ्तारी पर उदघोषित था 2-2 हजार रूपये इनाम*
*रुपयों के लेन-देन को लेकर आरोपियों की प्रताड़ना से बरखेड़ा गिर्द गांव के युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर की गई थी आत्महत्या*
गुना पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी के सशक्त एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ हेतु निरंतर प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी गुना श्रीमती प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में बजरंगगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह परिहार और उनकी टीम द्वारा रुपयों के लेन-देन को लेकर मानसिक प्रताड़ना से जुड़े आत्महत्या के गंभीर प्रकरण में फरार चल रहे 03 इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया है ।
उल्लेखनीय है कि ग्राम बरखेडा गिर्द निवासी सतीश पुत्र रामचरण धाकड उम्र 22 वर्ष द्वारा रुपयों के लेन-देन को लेकर कुछ व्यक्तियों द्वारा लगातार मानसिक प्रताड़ना दिए जाने से क्षुब्ध होकर दिनांक 22 दिसंबर 2025 को जहरीला पदार्थ खा लिया गया था । उपचार के दौरान भोपाल में दिनांक 23 दिसंबर 2025 को उसकी मृत्यु हो गई थी । मृतक द्वारा मृत्यु से पूर्व अपने मोबाइल से ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग बनाकर घटनाक्रम का उल्लेख भी किया गया था ।
भोपाल से प्रकरण की डायरी प्राप्त होने पर दिनांक 04 जनवरी 2026 को बजरंगगढ़ थाने पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई । जांच में पाया गया कि आरोपीगण 1-आर्यन धाकड निवासी धीनाखेड़ी हाल श्रीराम कॉलोनी गुना, 2-सौरभ गोस्वामी निवासी विकास नगर गुना, 3-मुकेश धाकड निवासी बरखेडा गिर्द, 4-शिवराज धाकड निवासी बरखेडा गिर्द, 5-प्रकाश धाकड निवासी परसौदा एवं 6-अंकित धाकड निवासी बरखेडा गिर्द द्वारा रुपयों के लेन-देन को लेकर मृतक को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिसके परिणामस्वरूप सतीश धाकड द्वारा आत्महत्या की गई ।
संपूर्ण मर्ग जांच उपरांत दिनांक 08 जनवरी 2026 को उपरोक्त सभी 06 आरोपियों के विरूद्ध बजरंगगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 06/26 धारा 108 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया । बजरंगगढ़ थाना पुलिस द्वारा प्रकरण में तत्परता दिखाते हुए दिनांक 08 जनवरी 2026 को ही एक आरोपी शिवराज धाकड़ निवासी ग्राम बरखेड़ा गिर्द को गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया गया था एवं शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी रखते हुए जिनकी गिरफ्तारी के सघन प्रयास किए जा रहे हैं । साथ ही शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी द्वारा प्रत्येक की गिरफ्तारी पर 2000-2000 रूपये इनाम घोषित किया जाकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु बजरंगगढ़ थाना प्रभारी को सख्त निर्देश दिए गए ।
निर्देशों के पालन में थाना प्रभारी कृपाल सिंह परिहार द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास और तेज किए और इस हेतु अपना मुखबिर तंत्र सुदृढ़ कर लगातार दबिश दी गईं । इसमें पुलिस के अथक प्रयासों एवं सतत सूचना संकलन के फलस्वरूप आज दिनांक 04 फरवरी 2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना पर पुलिस द्वारा सतर्क, तत्पर एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए फरार 2-2 हजार रूपये के तीन इनामी आरोपी 1- प्रकाश पुत्र रघुवीर धाकड निवासी ग्राम परसौदा थाना बजरंगगढ़, 2-आर्यन उर्फ बिष्णु पुत्र दीवान सिंह धाकड निवासी ग्राम धीनाखेड़ी हाल सांईसिटी कॉलोनी मालपुर रोड़ गुना एवं 3-अंकित उर्फ अंकेश पुत्र गंगाराम धाकड (चौधरी) निवासी ग्राम बरखेडा गिर्द थाना बजरंगगढ़ को और गिरफ्तार कर लिया गया एवं गिरफ्तारशुदा तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया । प्रकरण में शेष फरार आरोपियों की लगातार सक्रियता से तलाश जारी है ।
बजरंगगढ़ थाना पुलिस की इस सक्रिय और सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक राजेश शुक्ला, आरक्षक महेश बंजारा, आरक्षक मुकेश वर्मा, आरक्षक राजकुमार रघुवंशी एवं महिला आरक्षक सपना रघुवंशी का सराहनीय योगदान रहा है ।
गुना पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है, आरोपी चाहे कितना ही शातिर क्यों न हो कानून से बच पाना संभव नहीं है । कानून से भागने वाले अपराधी को उसे न्याय के कटघरे तक लाने के लिए गुना पुलिस पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है । अपराधों में संलिप्त अपरोपियों को गुना पुलिस द्वारा किसी भी परस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा ।





